बिग न्यूज :- सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी: सीएम धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

14 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर बंद करना उद्देश्य नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में अधिक संख्या में प्राप्त होने वाली शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर स्थायी समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारियों को तहसीलों का औचक निरीक्षण कर दाखिल-खारिज के मामलों की समयबद्धता और भूमि धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने स्वच्छ पेयजल को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन के भीतर ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लीकेज और पेयजल आपूर्ति में व्यवधान का तत्काल समाधान कराने को कहा।
सीएम ने 30 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने और 180 दिनों से अधिक पुराने मामलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘स्पेशल क्लोज’ या ‘फोर्स क्लोज’ न किया जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को निस्तारण का आधार बनाया जाए।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर स्थिति जानी। चिकित्सा प्रतिपूर्ति, परित्यक्ता पेंशन, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और छात्रवृत्ति से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक विलंब करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें