14 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा में करंट लगने से लाइनमैन की दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतक के परिवार को राहत प्रदान की है। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों से वार्ता की थी और उनके परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया था। इसी क्रम में दूसरे दिन मृतक के परिजनों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मृतक के आश्रित को नौकरी का नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मृतक के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार ने उनके परिवार का सहारा बनने का कार्य किया है।
परिजनों ने कहा कि बेटे की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित कार्रवाई कर परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी पीड़ा को समझा और तत्काल मदद पहुंचाई।
गौरतलब है कि खटीमा क्षेत्र में विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं हस्तक्षेप किया और परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद परिवार ने सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति संतोष व्यक्त किया है।








