13 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास पर तिरंगा लगाकर प्रदेशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रध्वज फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश का प्रत्येक परिवार उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें तथा बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को और मजबूत किया जा सकता है।



























