बिग न्यूज :- स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया तथा फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये तथा परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों की अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लक्ष्य के साथ सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी, पर्यटन, रोजगार, उद्योग, शिक्षा, खेल और स्वरोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। चारधाम यात्रा, शारदा कॉरिडोर, मानसखंड मंदिर माला मिशन और विभिन्न विकास परियोजनाओं से प्रदेश को नई दिशा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।


मुख्यमंत्री ने की सात बड़ी घोषणाएं


मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्कों की स्थापना, प्रदेश के प्रथम युवा आयोग का गठन, सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता तथा वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार देना शामिल है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की घोषणा की गई। 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी। वहीं, प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान और आधुनिकता के साथ संस्कृति एवं पहचान की मजबूती सुनिश्चित हो। उन्होंने प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें