15 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। नोजगे पब्लिक स्कूल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय प्रबंधिका श्रीमती सुरेन्दर कौर (हैप्पी मैम) ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान गाया।
प्रधानाचार्य श्री हेम चन्द्र पन्त ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनके त्याग, समर्पण और अदम्य साहस के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के भाषा विभाग का उद्घाटन किया गया। साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां सौंपकर उनमें नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच इंटर हाउस पैट्रियोटिक सॉन्ग एवं डांस प्रतियोगिता आयोजित हुई। देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में निर्णायक राजकुमार पाण्डेय एवं प्रकाश भट्ट ने रेड हाउस को प्रथम, येलो हाउस को द्वितीय तथा ग्रीन हाउस को तृतीय स्थान प्रदान किया।
वहीं देशभक्ति डांस प्रतियोगिता में निर्णायक रोनित कुमार ने येलो हाउस को प्रथम तथा रेड और ब्लू हाउस को क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान घोषित किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों और प्रतिभा की सराहना की। ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य श्री हेम चन्द्र पन्त ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश देते हुए राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। इसके बाद विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।





























