बिग न्यूज :- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों का मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मान, बोले— उत्तराखंड की युवा प्रतिभाएं देश का गौरव बढ़ा रहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

07 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को हरसंभव प्रोत्साहन और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सम्मानित खिलाड़ियों में पैरा एथलीट एवं रजत पदक विजेता शुभम जुयाल (रुड़की), जूडो की कांस्य पदक विजेता उन्नति शर्मा (देहरादून), शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा एवं पुनेश कुमार सिंह (देहरादून) तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल (हल्द्वानी) शामिल रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि उनके प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक खेल अवसंरचना का विकास, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण तथा प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने खेल नीति को और अधिक प्रभावी बनाते हुए अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति तथा विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की है। महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति में अपार संभावनाएं हैं। सरकार खेलों को रोजगार, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जोड़ते हुए खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षकों के क्षमता विकास तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे तथा उत्तराखंड के युवा खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें