बिग न्यूज :- उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों की मुख्यमंत्री धामी ने की समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

07 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) हल्द्वानी,देहरादून
गौलापार में बन रही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को खेल उत्कृष्टता का विश्वस्तरीय केंद्र बनाने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय (स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी), गौलापार (नैनीताल) के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में खेल विभाग ने विश्वविद्यालय परिसर में विकसित की जा रही खेल अवसंरचना, शैक्षणिक भवनों, छात्रावासों, प्रशिक्षण सुविधाओं, स्पोर्ट्स साइंस एवं रिसर्च सेंटर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेल उत्कृष्टता का प्रमुख केंद्र बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए, ताकि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान, आधुनिक इनडोर एवं आउटडोर खेल परिसर, स्पोर्ट्स साइंस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर तथा खेल प्रबंधन एवं अनुसंधान से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय युवाओं के लिए खेल शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को विश्वविद्यालय परियोजना की नियमित समीक्षा, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें