27 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा संजय रेलवे पार्क, खटीमा में आयोजित सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव (छठ पूजा) में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेश की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वांचल सेवा समिति के पदाधिकारियों को इस भव्य-दिव्य आयोजन के लिए साधुवाद। छठ पूजा हमारी सनातन संस्कृति की उस उज्ज्वल परंपरा का प्रतीक है, जिसमें आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता एक साथ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि जीवन मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का महापर्व है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यह पर्व भारत की महान संस्कृति का प्रमाण है, जिसमें उगते और ढलते सूर्य दोनों को अर्घ्य दिया जाता है। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक यह लोक आस्था का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विकास और सनातन संस्कृति के वैभव का प्रतीक बन रहा है। राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर देवभूमि के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।
खटीमा के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा मेरा घर है और आप सभी मेरा परिवार हैं। हमने यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल, और राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक खेल स्टेडियम इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल निर्माण और सड़कों के व्यापक नेटवर्क पर काम किया गया है। साथ ही खटीमा-टनकपुर के बीच भव्य सैन्य स्मारक निर्माण की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों और जनसंरचना के संरक्षण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। लैंड जिहाद, लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। नौ हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई गई है, सैकड़ों अवैध मदरसों और संरचनाओं को हटाया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) और नकल विरोधी कानून लागू कर ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति पर चलते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कदम उठा रही है। चार वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजा गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि छठी मईया और भगवान सूर्य नारायण के आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का उनका “विकल्प रहित संकल्प” अवश्य पूरा होगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य, अध्यक्ष नगर पालिका , दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








