28 अक्टूबर 2025( सीमांत की आवाज )
खटीमा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खटीमा में दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के तत्वाधान में विद्यालय स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री त्रिभुवन प्रकाश आर्य तथा विज्ञान विभाग के प्रमुख श्री अनिल सिंह द्वारा रिबन काटकर किया गया।
प्रदर्शनी में कक्षा 4 से 11 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपने-अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने भूकंप रोधी यंत्र, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संतुलन, वायु शुद्धिकरण जैसे विषयों पर आकर्षक और उपयोगी मॉडल प्रदर्शित किए।
प्राचार्य श्री त्रिभुवन प्रकाश आर्य ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में खोज, नवाचार और प्रयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। विद्यालय के अन्य अध्यापकगण ने भी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और उनके कार्य की प्रशंसा की।
प्रदर्शनी में प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और उनके उत्कृष्ट मॉडलों को पुरस्कृत किया गया।
अंत में उत्कृष्ट मॉडलों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कक्षा 11 विज्ञान की छात्रा कुमारी दिशा द्वारा निर्मित “Farmer Help Stick” मॉडल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त अभिजीत एवं अभिनव का “वायु शुद्धिकरण यंत्र”, निशा अधिकारी का “Snow Shaker”, अंश कुमार का “Quick Sensor”, तथा अभय कुमार, सौरभ, अनुष्का एवं आयशा का “Wild Life Saver” मॉडल को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल में विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक शैलेंद्र कुमार शर्मा, गोपाल सिंह, वीरेंद्र, सौरभ सामंत, गौरव तिवारी, गौरव पांडे, एवं जैनब सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।











