11 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा, 11 अक्टूबर 2025 — दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर आज खटीमा में विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व डॉ. प्रकाश फुलेरा, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उधमसिंहनगर ने किया। टीम में श्रीमती आशा आर्य, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुद्रपुर/खटीमा, एवं श्रीमती अपर्णा शाह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, काशीपुर शामिल रहीं।
टीम द्वारा खटीमा क्षेत्र में विभिन्न मिठाई और तेल विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मावा, बर्फी, लड्डू, मिल्क केक, सरसों के तेल और खुला खाद्य तेल सहित कुल 06 नमूने एकत्रित किए गए, जिन्हें जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है।
यदि जांच में कोई नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को निर्देश दिए कि वे संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का विक्रय न करें और केवल FSSAI लाइसेंस प्राप्त एवं पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री की खरीद करें।
साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे खाद्य वस्तु खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग तिथि तथा FSSAI लाइसेंस नंबर अवश्य जांचें। किसी प्रकार की शिकायत होने पर उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-180-4246 पर संपर्क कर सकते हैं।
विशेष अभियान दल में डॉ. प्रकाश फुलेरा (सहायक आयुक्त), श्रीमती अपर्णा शाह (वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी), श्रीमती आशा आर्य (खाद्य सुरक्षा अधिकारी) एवं पंकज कुमार (अनुसेवक) उपस्थित रहे








