Home » राष्ट्रीय » Big news : खटीमा—एसडीएम का विद्यालयों पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

Big news : खटीमा—एसडीएम का विद्यालयों पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

11 दिसंबर 2025 ( सीमांत की आवाज )

खटीमा।
आज 11 दिसंबर को उपजिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी द्वारा प्राथमिक विद्यालय सड़ासाड़ीया एवं जूनियर हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।

जूनियर हाई स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि विद्यालय में नियुक्त शिक्षकों में से किसी भी दिन केवल दो या तीन अध्यापक ही उपस्थित होते हैं, जबकि एक या दो शिक्षक पिछले दो महीनों से लगातार किसी-न-किसी प्रकार के अवकाश पर चल रहे हैं। कभी एक शिक्षक चिकित्सा अवकाश पर होता है तो दूसरा उपस्थित रहता है, दूसरा अवकाश पर जाता है तो तीसरा उपलब्ध हो जाता है। इस क्रमिक अनुपस्थिति पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र में प्रतिदिन दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों का मेनू नहीं लगाया गया था, जिस पर तत्काल प्रभाव से मेनू प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही मिड-डे-मील की रसोई में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र पर उपलब्ध पौष्टिक आहार को शीघ्र वितरित करने के निर्देश भी दिए गए, क्योंकि मौके पर मिला आहार जनवरी माह में एक्सपायर होने वाला है।

निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला संज्ञान में आया कि प्राथमिक विद्यालय में निजी रूप से एक शिक्षिका को नियुक्त किया गया है। यह शिक्षिका किस व्यय मद पर रखी गई है, उनकी वेतन व्यवस्था कौन देखता है तथा किस आधार पर नियुक्ति हुई—इसकी जांच के लिए एसडीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है।

एसडीएम ने कहा कि शिक्षा से जुड़े किसी भी संस्थान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED LATEST NEWS