10 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा 4 अक्टूबर से किसानों से धान की तौल शुरू कर दी गई है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तुषार सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि खटीमा ब्लॉक में कुल 82 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक कच्चा आढ़ती में 67,000 कुंतल और 1760 कुंतल धान की तौल की जा चुकी है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम तुषार सैनी ने मिल संचालकों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और तौल प्रक्रिया पारदर्शी रूप से की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि दीपावली पर्व के मद्देनजर दो दिन धान की तौल बंद रहेगी, इसके बाद पुनः नियमित रूप से खरीद कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
आपको बताते चलें कि वर्ष 2024 में राज्यभर में कुल 73 लाख कुंतल धान की खरीद की गई थी, जिसमें खटीमा क्षेत्र में साढ़े चार लाख कुंतल से अधिक धान की खरीद दर्ज हुई थी। इस बार उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार धान खरीद का लक्ष्य पिछले वर्ष से अधिक रखा गया है, ताकि अधिकतम किसानों को सरकारी खरीद का लाभ मिल सके।








