17 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) बनबसा/चंपावत। जनपद चंपावत के बनबसा क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को थाना बनबसा पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेखा यादव एवं क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के निर्देश पर थाना बनबसा पुलिस ने बाजार क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस टीम ने बनबसा की नई बस्ती क्षेत्र में पहुंचकर हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। अभियान के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों से शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की अपील की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया। वहीं, बिना हेलमेट और विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर एक मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर रोहन लाल, नन्हे और अनूप सक्सेना अपने घरों पर मौजूद मिले। जबकि सौरभ उर्फ खोक्का और कृष्णानंद अपने घरों पर नहीं मिले। वहीं हिस्ट्रीशीटर सूरज कश्यप, अमन कुरेशी और भरतगिरी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध हैं।
थाना बनबसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।










