बिग न्यूज :- मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी में बनबसा मिनी स्टेडियम में होगा भव्य योग दिवस आयोजन, तैयारियों को अंतिम रूप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

19 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) बनबसा/चम्पावत, 19 जून। आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले भव्य योग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को टनकपुर पावर स्टेशन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन परिषद के उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपाध्यक्ष राज्य योजना आयोग श्री विनय रूहेला ने की।
बैठक में श्री विनय रूहेला ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनपद और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आमजन से भी अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस विशेष आयोजन में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और आमजन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।
बैठक के दौरान अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखण्ड डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, आपदा प्रबंधन, मंच एवं साउंड सिस्टम, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डॉ. जोगदण्डे ने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का आधार है।
बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें