19 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के निर्देशानुसार आदेशित किया गया कि बन्तोली सड़क हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, एसडीएम लोहाघाट को सौंपी जिम्मेदारी
चम्पावत, 19 जून 2026 (सूवि.)। जनपद चम्पावत के विकासखंड बाराकोट अंतर्गत ग्राम बन्तोली में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जारी कर दिए हैं। दुर्घटना की जांच के लिए उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
तहसीलदार बाराकोट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जून को लगभग 12:10 बजे हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही एक टाटा पंच कार ग्राम बन्तोली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना में दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों और एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जांच अधिकारी को सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना से जुड़ी सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं।










