20 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनहित में की गई घोषणाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री की विभिन्न घोषणाओं के तहत तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा स्वीकृत इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 4.425 किलोमीटर है, जिन पर कुल 622.68 लाख रुपये की लागत अनुमोदित की गई है। इसके सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 559.79 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत कार्यों में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 18/2026 के अंतर्गत चम्पावत-मंच-तामली तल्लादेश मोटर मार्ग से कमैला काड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण (द्वितीय चरण), घोषणा संख्या 17/2026 के अंतर्गत मंच-तामली तल्लादेश मोटर मार्ग से कठाड़-सिमल्टा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण तथा घोषणा संख्या 141/2026 के अंतर्गत रमैला-गागरी-दमलोता मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण (द्वितीय चरण) के कार्य शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क संपर्क को मजबूत करने और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।










