बिग न्यूज :- चम्पावत में राजस्व कार्यों की समीक्षा, ई-ऑफिस को बढ़ावा देने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) आयुक्त एवं सचिव रंजना राजगुरु ने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण और मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर दिया जोर
चम्पावत, 22 जून 2026 । रंजना राजगुरु ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष बल दिया।
बैठक में मुख्य देय एवं विविध देय के अंतर्गत राजस्व वसूली, जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में लंबित वादों, एल.आर. एक्ट के तहत दर्ज मामलों, अंश निर्धारण की प्रगति तथा विभाग में सृजित, कार्यरत एवं रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा की गई।
आयुक्त एवं सचिव ने राजस्व न्यायालयों में लंबित पुराने मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि एल.आर. एक्ट के तहत छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
उन्होंने जनपद में एग्री स्टैक फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश निर्धारण कार्यों की प्रगति की सराहना करते हुए अपर जिलाधिकारी को रिक्त पदों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें शीघ्र भरा जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने बताया कि जनपद में एल.आर. एक्ट के अंतर्गत दो वर्ष और एक वर्ष से अधिक पुराने कोई भी वाद लंबित नहीं हैं। वर्तमान में छह माह से अधिक अवधि के आठ मामले लंबित हैं, जिनमें पूर्णागिरि तहसील के चार, पाटी तहसील के तीन और लोहाघाट तहसील का एक मामला शामिल है। उन्होंने बताया कि जनपद में उपजिलाधिकारी का एक, तहसीलदार के चार तथा नायब तहसीलदार के तीन पद रिक्त हैं।
बैठक में मनीष कुमार ने जनपद में संचालित नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय एवं एनजीटी के मानकों के अनुरूप लिगेसी वेस्ट को शून्य करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही पिरुल ब्रिकेटिंग यूनिट, ‘कृषि कवच’, ‘मेरा स्कूल मेरी जमीन’ अभियान, खिरद्वारी क्षेत्र में विद्युत सुविधा विस्तार तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण जैसे नवाचारात्मक कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
आयुक्त एवं सचिव ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए पंचकर्म केंद्र एवं वेलनेस सेंटर की स्थापना के लिए अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर और तहसील चम्पावत का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखागार, विभिन्न पटलों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी बी.पी. पंत, प्रमोद कुमार, नीतू डांगर सहित सभी तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें