31 दिसंबर 2025 ( सीमांत की आवाज ) रूद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में जमीनी विवाद को लेकर हुए जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख़्त निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी जशनदीप सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
घटना दिनांक 28 दिसंबर 2025 की है, जब कोतवाली रूद्रपुर क्षेत्रान्तर्गत प्रीत विहार, फाजलपुर महरौला में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर आपसी फायरिंग हो गई थी। इस दौरान गोली लगने से मजदूर कार्तिक की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रूद्रपुर में एफआईआर संख्या 592/2025 एवं 593/2025 विभिन्न धाराओं में पंजीकृत की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने मैन्युअल पुलिसिंग, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सघन जांच की। इसी क्रम में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को मुख्य आरोपी जशनदीप उर्फ जशन को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त 315 बोर की लाइसेंसी राइफल बरामद हुई।
इसके बाद दिनांक 30 दिसंबर 2025 को अभियुक्त शमशेर सिंह उर्फ शेरा को डीपीएस स्कूल, बगवाड़ा क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार सहित गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 315 बोर की अवैध राइफल बरामद की गई।
वहीं, घटना में शामिल फरार अभियुक्त तनवीर सिंह के विदेश भागने की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी कराया। अभियुक्त को दिल्ली एयरपोर्ट से डिटेन कर रूद्रपुर लाया गया और 31 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर किच्छा बाईपास रोड स्थित खेत से 32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद हुई।
बरामद हथियारों के आधार पर दोनों मुकदमों में आयुध अधिनियम की धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। सभी अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। अपराधी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








