9 नवंबर 2025 (सीमांत की आवाज )
खटीमा। संवाददाता।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सिटी कॉन्वेंट स्कूल, खटीमा में उल्लास, देशभक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने इस विशेष दिन को बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक श्री प्रवीण उपाध्याय, एजुकेशनल डायरेक्टर श्री तिलक उपाध्याय, प्राचार्य श्रीमती शुभ्रा सक्सेना तथा एडमिन ऑफिसर श्री राजेश जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। जैसे ही दीप प्रज्वलित हुआ, विद्यालय परिसर देशभक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से भर उठा।
छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे मंच पर लोकनृत्य, लोकगीत, कविता पाठ और नाट्य प्रदर्शन प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की वीरता, परंपरा और लोकसंस्कृति की झलक दिखाई दी। दर्शक दीर्घा में बैठे शिक्षक, अभिभावक और अतिथि तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह बढ़ाते रहे।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्री प्रवीण उपाध्याय ने एनसीसी कैडेट्स के साथ खटीमा शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि “राज्य निर्माण हमारे शहीदों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम शिक्षा, सेवा और सदाचार के माध्यम से उत्तराखंड को गौरवान्वित करें।”
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शुभ्रा सक्सेना ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड आंदोलन के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि “एकता, साहस और समर्पण की भावना से ही हमारे पूर्वजों ने राज्य निर्माण किया था, हमें भी उसी भावना से अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।”
कार्यक्रम का समापन “जय उत्तराखंड – वीरों को नमन” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। विद्यालय परिसर देशभक्ति, सांस्कृतिक गर्व और हर्षोल्लास से गूंज उठा। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए राज्य के गौरवशाली इतिहास से जुड़ने और अपनी संस्कृति पर गर्व करने का प्रेरणादायक अवसर बना।








