5 दिसंबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
चंपावत जिले के लोहाघाट–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बागधारा (घाट) के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से लौट रही बोलेरो लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें मां-बेटे सहित पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे ने खुशी में बदलते माहौल को गहरे मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट के किलोटा गांव से बबलू की बारात चंपावत के बालातड़ी गांव आई थी। विदाई के बाद लौटते समय रात लगभग 2:30 बजे बागधारा के पास बोलेरो वाहन (UK 04 TB 2074) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लोहाघाट अशोक कुमार की अगुवाई में पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और ग्रामीण मौके पर पहुँचे। रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद पाँच घायलों को बाहर निकालकर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भिजवाया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी और उपचार कर रहे डॉ. अजीम ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल चंपावत रेफर किया गया है।
घायल व्यक्ति:
धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र, निवासी रुद्रपुर
राजेश पुत्र उमेश चंद्र जोशी, निवासी लाखतोली
चेतन चौबे (5 वर्ष), पुत्र सुरेश चौबे, निवासी दिल्ली
भास्कर पांडा, निवासी किलोटा (जिन्हें चंपावत रेफर किया गया)
वाहन चालक देवदत्त (38), पुत्र रामदत्त, निवासी सल्ला भाटकोट
मृतक:
भावना चौबे एवं उनका 6 वर्षीय बेटा प्रियांशु
प्रकाश चंद्र (40), निवासी बिलासपुर
केवल चंद्र उनियाल (35)
सुरेश चंद्र नौटियाल (32), निवासी पंतनगर
रेस्क्यू कार्य में ग्रामीणों के साथ होटल स्वामी मदन सामंत और शिक्षक मनोज पंत ने भी सहयोग किया। हादसे का कारण वाहन चालक के नशे में होना बताया जा रहा है, जिसकी जांच जारी है।
यह भीषण हादसा क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का कारण बना है।








