बिग न्यूज :- खटीमा की आदर्श कॉलोनी जलमग्न, जलभराव से नाराज़ महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

21 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर पालिका परिषद खटीमा के वार्ड संख्या-12 स्थित आदर्श कॉलोनी में जलभराव की समस्या से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। समस्या से परेशान दर्जनों महिलाओं ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से मानसून के दौरान कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बन जाती है। सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और नगर पालिका को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि वार्डवासियों का ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। मामले में एसडीएम से वार्ता कर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें