23 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद चम्पावत की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को छमानिया स्थित निर्माणाधीन राज्य के प्रथम गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्पोर्ट्स कॉलेज में हॉस्टल ब्लॉक, टाइप-2 एवं टाइप-3 आवासीय भवन, वॉलीबॉल और फुटबॉल ग्राउंड, मल्टीपर्पस हॉल सहित विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और शेष कार्यों की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रमुख खेल मैदानों और रनिंग ट्रैक का निर्माण सितंबर-अक्टूबर 2026 तक तथा रिटेनिंग वॉल का कार्य अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। संपूर्ण परियोजना को जून 2027 तक पूर्ण करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि राज्य का यह पहला गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री एवं शासन स्तर से परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, प्रोजेक्ट मैनेजर केशव महाराज सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











