3 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा/चकरपुर। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य जगजीत सिंह जग्गा शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वे अपने अंगरक्षक के ससुराल से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी बनबसा-चकरपुर मार्ग पर स्थित धनुष पुल के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल जग्गा को तत्काल उपचार के लिए स्वास्तिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, फिलहाल चिकित्सकीय टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेशभर में हलचल मच गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं दूरभाष पर जग्गा का हालचाल जाना और अस्पताल प्रबंधन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने जग्गा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार अधिक थी, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जगजीत सिंह जग्गा प्रदेश की राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं और अल्पसंख्यक समाज की आवाज बुलंद करने के लिए पहचाने जाते हैं। उनके हादसे की खबर मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई है।








