29 सितम्बर 2025 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा। 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी नैनीताल के तत्वावधान में सिटी कॉन्वेंट स्कूल खटीमा में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर धूमधाम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। शिविर में उत्तराखंड के देहरादून, रुड़की, रामनगर, नैनीताल और खटीमा से आए 406 से अधिक कैडेट्स ने प्रतिभाग किया।
कैप कमांडेंट कैप्टन मृदुल शाह (भा०नौ०से०) की देखरेख में आयोजित इस शिविर में कैडेट्स को नेवी ड्रिल, सीमेनशिप, शिप मॉडलिंग, नेवल ओरिएंटेशन, कम्युनिकेशन, फायरिंग के साथ बास्केटबॉल, फुटबॉल, खो-खो, वॉलीबॉल, टग ऑफ वार और 5 किलोमीटर क्रॉस कंट्री जैसी गतिविधियों का अनुभव कराया गया।
कैप कमांडेंट शाह ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को जीवन भर “एकता और अनुशासन” के आदर्श वाक्य पर चलना चाहिए, तभी वे सफलता अर्जित कर पाएंगे।
समापन अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कोलकाता डिवीजन को बेस्ट डिवीजन की ट्रॉफी मिली। कैडेट चंचल भट्ट को बेस्ट जे डी कैडेट, कैडेट नंदिनी बोहरा को बेस्ट जे डब्ल्यू कैडेट, कैडेट सिमरन भंडारी को बेस्ट कैडेट इन डांस, कैडेट प्रिंसी धामी को बेस्ट कैडेट इन डिसिप्लिन और कैडेट अर्जुन धामी को क्रॉस कंट्री में गोल्ड मेडल से नवाजा गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक प्रवीण उपाध्याय, एजुकेशन डायरेक्टर तिलक उपाध्याय, प्रधानाचार्या शुभ्रा सक्सेना समेत एनसीसी और विद्यालय के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








