Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज मुख्यमंत्री धामी लोकपर्व इगास पर रुद्रप्रयाग के आपदा प्रभावितों के बीच पहुँचे भौंर में किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावितों के साथ किया भोजन — कहा, “हर संकट की घड़ी में सरकार जनता के साथ खड़ी है”

बिग न्यूज मुख्यमंत्री धामी लोकपर्व इगास पर रुद्रप्रयाग के आपदा प्रभावितों के बीच पहुँचे भौंर में किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावितों के साथ किया भोजन — कहा, “हर संकट की घड़ी में सरकार जनता के साथ खड़ी है”

01 नवंबर 2025 सीमांत की आवाज 

 

रुद्रप्रयाग, 01 नवम्बर (सू.वि.)
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी लोकपर्व इगास के अवसर पर शनिवार को जनपद रुद्रप्रयाग की तहसील वसुकेदार के ग्राम भौंर पहुँचे। उन्होंने हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने आपदा में जान-माल की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतक कुलदीप सिंह नेगी (वन श्रमिक) एवं सते सिंह के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है और किसी भी पीड़ित को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रभावितों के साथ भोजन किया और उन्हें आश्वस्त किया कि पुनर्वास एवं राहत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता प्रदान की जाए तथा पारदर्शिता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

आपदा प्रभावित क्षेत्र में स्थाई हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।

ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण होगा।

गाँव तक मोटर सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत।

छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी।

आपदा में क्षतिग्रस्त वाहनों को मुआवजा देने की घोषणा।

विस्थापित परिवारों के पुनर्वास हेतु योजना तैयार करने के निर्देश।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, इसलिए सरकार ने आपदा प्रबंधन को सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कठिन समय में धैर्य बनाए रखें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे त्वरित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, तहसील प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

RELATED LATEST NEWS