01 नवंबर 2025 सीमांत की आवाज
प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
देहरादून, 01 नवम्बर 2025 (सू. ब्यूरो) —
मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) देहरादून का दौरा कर उत्तराखण्ड रजत जयंती समारोह के तहत 09 नवम्बर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि 9 नवम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और आमजन की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 60 से 70 हजार लोगों की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रवेश व निकासी मार्गों की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
श्री बर्द्धन ने यातायात और पार्किंग की समुचित योजना तैयार करने पर भी बल दिया, ताकि आमजन को कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने में कोई दिक्कत न हो और शहर के यातायात पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी श्री दीपम सेठ, सचिव श्री शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, श्री विनय शंकर पाण्डेय, श्री विनोद कुमार सुमन, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल तथा महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








