बिग न्यूज :- राज्य आंदोलनकारियों और मातृशक्ति को समर्पित रजत जयंती उत्सव में बोले सीएम धामी — “देवभूमि का ये गौरवशाली पर्व भावांजलि का अवसर है”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 अक्टूबर 2025 सीमांत की आवाज –

 

हरिद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित “देवभूमि रजत उत्सव 2025” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर राज्य निर्माण में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले राज्य आंदोलनकारियों और मातृशक्ति को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रजत उत्सव केवल एक समारोह नहीं, बल्कि उन वीर आंदोलनकारियों, माताओं, बहनों और युवाओं के प्रति भावांजलि अर्पित करने का पावन अवसर है, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य की स्थापना के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि वर्ष 2000 में उत्तराखंड अस्तित्व में आने के समय अनेक चुनौतियों से घिरा था, लेकिन देवभूमि की जनता ने अपने अटूट विश्वास और परिश्रम से राज्य को आज विकास के नए मानकों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह रजत उत्सव उत्तराखंड की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा का प्रतीक है, जो हमारी सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत बनाए रखे हुए है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव से शहर, किसान से युवा, मातृशक्ति से श्रमशक्ति तक हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य कर रही है। लोकल फॉर वोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों से “विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने चार वर्षों में लिए गए कठोर निर्णयों को जनहित का निर्णय बताते हुए धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, लैंड जिहाद, लव जिहाद और नकल विरोधी कानून सहित समान नागरिक संहिता लागू करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति को राज्य के हित में बड़ा कदम बताया।

हरिद्वार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में 186 करोड़ की सीवरेज परियोजना, 187 करोड़ की पेयजल योजनाएं, मेडिकल कॉलेज निर्माण, लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज और हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि सरकार धर्मनगरी को काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की भांति भव्य रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कुंभ 2027 की तैयारियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्तापूर्ण कार्य न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला जब एक एआई रोबोट ने मंच से “डिजिटल इंडिया” की सफलता गाथा प्रस्तुत की, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

इस अवसर पर हरिद्वार मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री विनय रुहेला, सुनील सैनी, शोभाराम प्रजापति, ओमप्रकाश जमदग्नि, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें