14 अगस्त 2026 (सीमांत की आवाज ) चमोली, 14 अगस्त 2026। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान बेहद कीमती है और टनल में फंसे हर श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी और उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं वार्ता की है। वहीं, टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



























