बिग न्यूज :- खटीमा मजरा फार्म में बिजली चोरी पर विजिलेंस का छापा, 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

14 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग की सतर्कता इकाई ने 13 अगस्त 2026 को मजरा फार्म, श्रीपुर बिचवा क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विद्युत चोरी करते पाए गए 8 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
इससे पूर्व 10 अगस्त 2026 को बंजारी फार्म क्षेत्र में भी विद्युत विभाग की टीम ने छापेमारी की थी, जिसमें विद्युत चोरी के मामले में 5 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (सतर्कता) पुनीत कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं प्रबंध निदेशक के निर्देशों के क्रम में बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बिजली चोरी की अधिक शिकायत वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग और कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बंजारी फार्म, मजरा फार्म, देवकुला हल्दी, सत्रह मील, गोटिया, इस्लाम नगर, कंजाबाग, भूड़, आवास विकास, मझोला, टिकरी, चकरपुर, जमौर, कंचनपुरी, बग्गा-54, पूर्णापुर, राजीवनगर, गांधीनगर और चीमा फार्म सहित अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें