28 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने 76.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं स्वीकृत 06 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
लोकार्पित योजनाओं में दन्या से आरा सल्पड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चायखान से थुआसिमल मोटर मार्ग का सुधारीकरण तथा सत्यों में 33/11 केवी उप संस्थान का निर्माण शामिल हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट व दन्या में अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों तथा राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने जागेश्वर धाम परिसर का पैदल भ्रमण एवं निरीक्षण किया और मास्टरप्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र है, इसे दिव्य और भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।”
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम की बुनियादी अवसंरचना को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित टाइमलाइन में पूरा कराया जाए तथा सड़कों की स्थिति पर भी सतत ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर को भी जागेश्वर धाम के साथ विकसित किया जाएगा, क्योंकि दोनों स्थलों का पौराणिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व अत्यंत गहरा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जागेश्वर धाम न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी वैश्विक पहचान प्राप्त करे।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का समग्र विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर लेकर आएगा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह सहित अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।








