बिग न्यूज: भारत-नेपाल व्यापार को मिलेगा नया आयाम, त्वरित पूर्णता पर दिया जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 फरवरी 2026 ( सीमांत की आवाज )

सतपाल महाराज ने बनबसा में ₹500 करोड़ की आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का किया निरीक्षण, अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश
भारत-नेपाल व्यापार को मिलेगा नया आयाम, त्वरित पूर्णता पर दिया जोर

चम्पावत जनपद के बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में प्रस्तावित लगभग ₹500 करोड़ लागत की आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण उत्तराखण्ड सरकार के लोक निर्माण, पर्यटन, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई, पंचायती राज एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारतीय भू-सीमा पत्तन प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही है।
निरीक्षण उपरांत एनएचपीसी लिमिटेड बनबसा गेस्ट हाउस सभागार में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन एवं विभागीय समन्वय तंत्र पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजना को हर हाल में अप्रैल 2027 तक पूर्ण किया जाए, ताकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों एवं यात्री सुविधाओं का शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने लैंड पोर्ट को अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, डिजिटल निगरानी तंत्र एवं स्मार्ट प्रबंधन व्यवस्था से सुसज्जित करने के निर्देश दिए।
तराई क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल देते हुए मंत्री ने आगंतुकों की सुविधा के लिए संकेतक पट्ट तीन भाषाओं में स्थापित करने, वर्षा जल संचयन प्रणाली को अनिवार्य रूप से सम्मिलित करने तथा विभागों के मध्य सुदृढ़ समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरणीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि यह आधुनिक लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के मध्य व्यापार एवं यात्री आवागमन के लिए एक समेकित, सुरक्षित और सुविधाजनक प्रणाली विकसित करेगा। सीमा शुल्क, सुरक्षा, व्यापार एवं सीमा प्रबंधन से संबंधित सभी प्रमुख एजेंसियाँ एक ही परिसर में कार्य करेंगी, जिससे पारदर्शिता एवं तीव्रता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक परिदृश्य में व्यापक परिवर्तन लाएगी। रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनबसा लैंड पोर्ट सीमा पार व्यापार को सशक्त करेगा, कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों के लिए सुव्यवस्थित प्रवेश द्वार प्रदान करेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी० एस० खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी तथा लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, भारतीय भू-सीमा पत्तन प्राधिकरण, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें