Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज :- पुलभट्टा पुलिस ने घर में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा, चोरी के जेवरात सहित आरोपी गिरफ्तार

बिग न्यूज :- पुलभट्टा पुलिस ने घर में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा, चोरी के जेवरात सहित आरोपी गिरफ्तार

15 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति की कुशल रणनीति और सख्त निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 मई 2026 को ग्राम बरा निवासी ओमकार पुत्र सोमलाल ने थाना पुलभट्टा में तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल और 01 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर के पीछे लगे गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कमरे में रखी अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। मामले में थाना पुलभट्टा में FIR संख्या 71/2026 धारा 305(A)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। फुटेज में घटना के समय चार संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल पर घटनास्थल के आसपास घूमते दिखाई दिए।
लगातार सुरागरसी, पतारसी, सर्विलांस और एसओजी रुद्रपुर की मदद से पुलिस ने 14 मई 2026 को आरोपी राज पुत्र प्रकाश निवासी ट्रांजिट कैंप, चामुंडा मंदिर के पास थाना ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंहनगर को क्राउन होटल पुलभट्टा के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और किशोर के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चेन और घड़ी बरामद की है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र भट्ट, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह, अनिल कुमार, प्रेम कनवाल, दीपक बिष्ट तथा एसओजी रुद्रपुर के कांस्टेबल भूपेन्द्र आर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED LATEST NEWS