बिग न्यूज :- राइस मिलों के धर्मकांटों पर फिर शुरू हुआ घट-तौल का खेल, किसानों की मेहनत पर चल रही सेंध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

6 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )

उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा और सितारगंज क्षेत्र की राइस मिलों पर लगे धर्मकांटों में एक बार फिर घट-तौल का खेल शुरू हो गया है। किसानों द्वारा लाए जा रहे धान की तौल में कथित रूप से कम वज़न दिखाए जाने की शिकायतें सामने आने लगी हैं।

किसानों का कहना है कि वे पूरे वर्ष मेहनत करके अनाज तैयार करते हैं, लेकिन जब उसकी सही कीमत पाने की बारी आती है, तो धर्मकांटों पर घट-तौल कर उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया जाता है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह खेल कोई नया नहीं है — पिछले वर्ष भी खटीमा की एक राइस मिल में घट-तौल का मामला उजागर हुआ था, परंतु स्थानीय प्रशासन द्वारा उस पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस बार घट-तौल की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और सभी राइस मिलों के धर्मकांटों की नियमित जांच करवाई जाए। यदि किसी भी स्थान पर किसानों के साथ धोखाधड़ी की जाती है, तो ऐसे मिल मालिकों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

स्थानीय जागरूक लोगों का कहना है कि प्रशासन और कृषि विभाग को मिलकर ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ानी चाहिए, ताकि किसान के पसीने की कमाई किसी भी स्तर पर न छीनी जा सके।

कुल मिलाकर, अब समय है कि किसान के हक की रक्षा के लिए शासन और प्रशासन सख्त रुख अपनाए, ताकि मेहनती अन्नदाता का विश्वास कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें