बिग न्यूज:- संघ शताब्दी वर्ष में मोहनपुर बस्ती में मनाया गया विजयदशमी उत्सव — पद संचलन और राष्ट्रहित के कार्यों से समाज को किया प्रेरित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

8 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )

टनकपुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ टनकपुर द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयदशमी उत्सव बड़े ही उत्साह और अनुशासन के साथ मोहनपुर बस्ती में मनाया गया। इस अवसर पर संघ के इतिहास, राष्ट्र निर्माण में योगदान और समाज के प्रति समर्पित कार्यों से लोगों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती शिशु मंदिर से भव्य पद संचलन के रूप में हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तियों में एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यह पद संचलन सरस्वती शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर ज्ञानखेड़ा पंचायत घर तक पहुंचा और पुनः वहीं से वापस सरस्वती शिशु मंदिर पर संपन्न हुआ।

आज के कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत शारीरिक प्रमुख श्रीमान सुनील जी रहे, जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “भारत की स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अप्रत्यक्ष किंतु महत्वपूर्ण योगदान रहा है। डॉ. हेडगेवार जी ने विद्यार्थी जीवन से ही आजादी की लड़ाई में भाग लिया और बाद में संघ की स्थापना कर युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।”
उन्होंने आगे बताया कि आजादी के बाद भी जब-जब देश को सहायता की आवश्यकता पड़ी, संघ ने अग्रणी भूमिका निभाई। “दिल्ली की परेड में आरएसएस के 3000 स्वयंसेवकों ने भारतीय सेना के साथ कदमताल मिलाकर हिस्सा लिया था, जो राष्ट्र गौरव का क्षण था।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमान अम्बादत्त पंत ने की। संचालन एवं आयोजन की जिम्मेदारी नगर कार्यवाह जगदीश बोहरा, जिला शारीरिक प्रमुख दिवाकर जी, नगर शारीरिक प्रमुख मनीष जी एवं नगर प्रचारक अनिकेत जी की देखरेख में संपन्न हुई।

इस अवसर पर दिवाकर, मुकेश, रवि, दीपचंद्र पाठक, कुंदन मेहरा, तनुज, राजेंद्र जी, चंद्रशेखर, नारायण चिलकोटी, हरीश, नवीन, पवन, राजेंद्र सिंह समेत कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
मोहनपुर बस्ती में हुए पद संचलन में कुल 52 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने राष्ट्र सेवा, समाज समरसता और संस्कार निर्माण की दिशा में संघ के 100 वर्षों की यात्रा को जनसेवा का अद्भुत उदाहरण बताया और सभी स्वयंसेवकों से समाज में संगठन और सकारात्मक विचारधारा फैलाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें