Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज : उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: नैनीताल में 2 तेंदुए की खाल और गुलदार की हड्डियों के साथ वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

बिग न्यूज : उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: नैनीताल में 2 तेंदुए की खाल और गुलदार की हड्डियों के साथ वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

09 जनवरी ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और नैनीताल वन प्रभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जनपद नैनीताल के पंगोट क्षेत्र से एक शातिर वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 02 तेंदुए (लेपर्ड) की खाल और गुलदार की भारी मात्रा में हड्डियां बरामद की गई हैं। बरामद खालों की लंबाई क्रमशः 07 फीट और 06 फीट बताई जा रही है, जबकि हड्डियों का वजन करीब 4.350 किलोग्राम है। प्रारंभिक जांच में खालें लगभग छह माह पुरानी प्रतीत हो रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश सिंह कपकोटी पुत्र स्व. जसवंत सिंह, निवासी कपकोट, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी में संलिप्त था और इन्हें किसी बाहरी पार्टी को बेचने की फिराक में नैनीताल पहुंचा था।
एसएसपी STF श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशों के क्रम में STF द्वारा वन्यजीव तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत STF, नैनीताल वन प्रभाग और तल्लीताल पुलिस की संयुक्त टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की है। तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल है और इसका शिकार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल श्री आकाश गंगवार ने बताया कि STF से सूचना मिलने पर वन विभाग की नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
STF ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव तस्करी से संबंधित जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या STF उत्तराखंड (0135-2656202) पर सूचना दें। उत्तराखंड STF भविष्य में भी वन्यजीव तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

RELATED LATEST NEWS